ताज़ा ख़बरें

पीएम स्वनिधि योजना से हजारों परिवार आत्मनिर्भर बने, सरकार गरीबों को आर्थिक रूप से सशक्त कर रही है : महापौर अमृता यादव

खबर नगर निगम से

पीएम स्वनिधि योजना से हजारों परिवार आत्मनिर्भर बने, सरकार गरीबों को आर्थिक रूप से सशक्त कर रही है : महापौर अमृता यादव

खंडवा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को नगर निगम सभागार में पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं प्रोत्साहन संबंधी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर अमृता अमर यादव ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, मजदूर, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने हजारों छोटे व्यापारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। बिना किसी जमानत के आसान ऋण उपलब्ध होने से छोटे व्यवसायियों को अपना रोजगार बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। पहले छोटे व्यापारियों को पूंजी के अभाव में साहूकारों से ऊंची ब्याज दर पर ऋण लेना पड़ता था, लेकिन अब स्वनिधि योजना के माध्यम से उन्हें सरल प्रक्रिया के तहत बैंक से ऋण मिल रहा है। समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को अगली किश्त में अधिक राशि का लाभ भी दिया जा रहा है, जिससे उनका व्यवसाय लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दे रही, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आवास, स्वास्थ्य, खाद्यान्न, स्वच्छता, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत सहित अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में नगर निगम परिषद अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य राजेश यादव, वरुण (विक्की) भांवरे, सोमनाथ काले, आशीष चटकेले, सुनील जैन योजना प्रभारी नवनीत शुक्ला दिलीप चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

इस दौरान कई हितग्राहियों सतनारायण सावनेर निर्भय सिंह रेनू कटारे भारती राठौर गोपाल छेबला ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से प्राप्त ऋण के माध्यम से उन्होंने अपना छोटा व्यवसाय शुरू किया या उसका विस्तार किया। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। हितग्राहियों ने योजना को गरीब और छोटे व्यापारियों के लिए बेहद लाभकारी बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में महापौर एवं अन्य अतिथियों ने पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं योजना से संबंधित प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने हितग्राहियों से योजना का लाभ लेकर समय पर ऋण चुकाने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को इस योजना से जोड़ने की अपील की।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!