कुनेहटा व न्यूरिया के बीच जंगल में भूमि पूजन कर अस्थाई गौशाला का निर्माण हुआ शुरू
हमीरपुर।
जनपद हमीरपुर के न्यूरिया एवं कुनेहटा गांवों की सीमा पर स्थित जंगल क्षेत्र में गौ संरक्षण एवं फसल सुरक्षा के उद्देश्य से सोमवार को भूमि पूजन के साथ तारबंदी एवं खाई खुदाई कार्य का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम आज दिनांक 19 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संपन्न हुआ।
विगत कई वर्षों से क्षेत्र के किसानों को जंगली गोवंश एवं हिंसक जानवरों के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। हजारों बीघा फसलें नष्ट हो जाती थीं। लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों के किसान रात-रात भर खेतों की रखवाली करने को मजबूर थे, इसके बावजूद फसलें सुरक्षित नहीं रह पा रही थीं, जिससे किसानों में गहरा आक्रोश व पीड़ा बनी हुई थी।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरिनाम सिंह वर्मा के निर्देश पर संगठन ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के आदेशानुसार उपजिलाधिकारी मौदहा कर्णवीर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर खाई खुदाई का कार्य प्रारंभ कराया। इस कार्य में मसगांव के प्रधान कमलेश कुमार कुशवाहा ने सहयोगात्मक भूमिका निभाई।
मौके पर उपस्थित किसानों द्वारा उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग, पशुपालन विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी, अमर सिंह एडीओ पंचायत मौदहा, भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला संरक्षक एवं सेवा निवृत्त उप निदेशक बीज बाबूलाल कुशवाहा, कोषाध्यक्ष रज्जू प्रसाद कुशवाहा, जिला महामंत्री पारस सैनी, समाजसेवी अंकित द्विवेदी,तहसील अध्यक्ष मौदहा शिवकरण मिश्रा, जिला महासचिव भूपति सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बलवीर वर्मा, ग्राम अध्यक्ष न्यूरिया राजेंद्र यादव, कुनेहटा ग्राम अध्यक्ष घासी राम, अनुज कुमार यादव सहित लगभग एक सैकड़ा किसान उपस्थित रहे।
अंत में उपजिलाधिकारी मौदहा के संबोधन के पश्चात पंचायत संपन्न हुई। किसानों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे फसल सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।









