
खेल के माध्यम से देश का नाम रोशन करें— एसपी
खेल दिवस पर पांच दिवसीय जिला स्तरीय लान टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ।
खंडवा। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर शहर के निमाड़ क्लब स्थित टेनिस कोर्ट पर खेल दिवस मनाया गया। यहां पर मौजूद टेनिस खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा आप भले ही किसी भी खेल में महारत रखते हों अपने खेल में इतना निखार लाओ की देश में नाम रोशन हो। उन्होंने कहा मेजर ध्यानचंद भले ही हॉकी के खिलाड़ी थे, लेकिन उनके जन्मदिवस पर देश में खेले जा रहे हर खेल के खिलाड़ी इस दिन को खेल दिवस के रूप में मनाते हैं।
खेल और युवा कल्याण विभाग के जिला प्रशिक्षक और टेनिस के एनआईएस कोच अमीन अहमद ने बताया कि मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस से कोर्ट पर राष्ट्रीय खेल दिवस पांच दिवसीय जिला स्तरीय लॉन टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ एसपी श्री अगम जैन ने किया। यहां पर प्रशिक्षण ले रहे टेनिस खिलाड़ी पांच दिनों में अपनी श्रेष्ठता साबित करेंगे। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि टूर्नामेंट का पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर खेल विभाग की राधिका गंगराड़े के अलावा मांगीलाल यादव, प्रवक्ता सुनील जैन, सवीता यादव, नयन सुगंध, यश वर्मा, कोच श्री नवले, अचिव टेनिस डेवलपमेंट सोसायटी के पदाधिकारी एवं टेनिस खिलाड़ी मौजूद थे। यह टूर्नामेंट लीग आधार पर खेला जाएगा जिसमें 20 टेनिस खिलाड़ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर पर किया जाएगा।











