ताज़ा ख़बरें

पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रवेश प्रारंभ, 29 मई तक होंगे रजिस्ट्रेशन

खास खबर

पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रवेश प्रारंभ, 29 मई तक होंगे रजिस्ट्रेशन

खण्डवा//महात्मा ज्योतिबा फुले पॉलिटेक्निक कॉलेज खण्डवा में इंजीनियर की विभिन्न ब्रांचों सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग तथा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज खण्डवा में सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ हो रहे हैं। प्रवेश के लिए अर्हता किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से बोर्ड से 10वीं उत्तीर्ण होना है।
प्राचार्य श्री अपूर्व साकल्ले ने बताया कि शासन की नई शिक्षा नीति के अनुसार पॉलिटेक्निक डिप्लोमा को अब 12वीं की मान्यता रहेगी। साथ ही जो छात्र-छात्राएं 12वीं उत्तीर्ण या आईटीआई किए हुए हैं, उन्हें डिप्लोमा के लिए सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश मिलेगा। सामान्य वर्ग के अंतर्गत ई.डब्ल्यू.एस. प्रमाण पत्र वाले छात्र-छात्राओं के लिए प्रत्येक ब्रांच में शासन के नियमानुसार 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी। प्रथम चरण में टीएफडब्ल्यू एवं सामान्य सीटें दोनों के लिए 29 मई को रात 11ः45 बजे तक 10वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। चॉइस फिलिंग आगामी 2 जून तक कर सकते हैं। महाविद्यालय में मेरिट के आधार पर प्रवेश 8 से 13 जून को शाम 6ः30 बजे तक होंगे।
प्राचार्य श्री साकल्ले ने बताया कि आवेदक www.mponline.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। महाविद्यालय में भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। प्राचार्य ने बताया कि डिप्लोमा उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न कंपनियों के कैंपस लगातार महाविद्यालय में आते रहते हैं। महाविद्यालय का प्लेसमेंट रेट बहुत अच्छा है और साथ ही विभिन्न सरकारी संस्थानों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती है। शासन द्वारा एसटी, एससी एवं ओबीसी के पात्र विद्यार्थियों को फीस वापसी एवं छात्रवृत्ति की सुविधा प्रदान की जाती है।
सामान्य वर्ग के निर्धन छात्रों के लिए भी मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना के अंतर्गत फीस वापसी की भी व्यवस्था है। इसके अलावा एआईसीटीई द्वारा छात्राओं के लिए प्रतिभा योजना है। जिसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को 50 हजार रूपए प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति प्राप्त होती है। दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए भी सक्षम छात्रवृत्ति योजना है। साथ ही जिन छात्र-छात्राओं के माता-पिता नहीं हैं, उनके लिए भी स्वनाथ छात्रवृत्ति योजना लागू है। दोनों छात्रवृत्तियों में चयनित छात्र-छात्राओं को 50 हजार रूपए प्रतिवर्ष प्राप्त होते हैं।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!