
रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ। उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार दिलीप सिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाबुआ में प्रभारी प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर के मार्गदर्शन में जिला परिवहन कार्यालय, झाबुआ द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से श्रीमती पूजा डामोर (सहायक ग्रेड-3), श्री आशीष शेख एवं श्री संजय कराडिया ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों को लर्निंग लाइसेंस बनवाने की संपूर्ण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही पात्र विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर उनकी पंजीयन प्रक्रिया संपन्न की गई।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर का विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लाभ उठाया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए पंजीयन कराया, जिसके उपरांत उन्हें पंजीयन की रसीद भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार परसेंडिया, डॉ. राकेश बघेल, प्रो. जितेंद्र नायक, प्रो. महिमा कुमावत, क्रीड़ा अधिकारी कोमल बारिया, प्रो. हिमांशु मालवीय सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।












