ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

आदर्श महाविद्यालय झाबुआ में 60 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

रिपोर्टर = भव्य जैन

झाबुआ। दिलीप सिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाबुआ में प्राचार्य प्रो. पी.के. उछावर के मार्गदर्शन में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य प्रो. पी.के. उछावर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। यदि समय रहते अधिक से अधिक वृक्षारोपण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में इसके गंभीर दुष्परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

मुख्य अतिथि पंडित राजकुमार देवल ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। समाजसेवी श्री कुलदीप सक्सेना ने अपने प्रेरणादायी गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाविद्यालय को हरित एवं आदर्श परिसर बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक एवं वनस्पति शास्त्र के सहायक प्राध्यापक प्रो. दीपक चौहान ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के वृक्षों एवं पौधों की उपयोगिता की जानकारी दी तथा सभी को पौधारोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आम, जामुन, चीकू, अशोक, रबर, अमलतास, नींबू, नीम, सीताफल, सर्जना (सहजन), शहतूत, एलोवेरा, गुड़हल सहित लगभग 60 फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी घनश्याम बैरागी, प्रदीप शर्मा, अंतिम मालवीय, अंबिका तवली, पंकज सालवे, शैलेंद्र बैरागी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, अतिथि विद्वान एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूजा बघेल ने किया तथा प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार परसेंडीया ने आभार व्यक्त किया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!