
छपारा – छपारा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम खुर्सीपार के ग्रामीणों ने 23 फरवरी सोमवार को तहसील कार्यालय पहुँचकर तहसीलदार को एक शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने ग्राम में हो रहे अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध गुमठियां
तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि खुर्सीपार में मुख्य मार्ग के आसपास पीडब्ल्यूडी की शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से गुमठियां और ठेले लगाकर अतिक्रमण किया गया है। वर्तमान में लगभग 6 स्थायी गुमठियां बन चुकी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा बार-बार मौखिक चेतावनी दिए जाने के बाद भीअतिक्रमणकारियों ने जगह खाली नहीं की है।
शराबखोरी और नशे का बना अड्डा ज्ञापन में सबसे गंभीर मुद्दा इन गुमठियों में होने वाली अवैध गतिविधियों को लेकर उठाया गया है। ग्रामीणों द्वारा मौके पर बताया गया कि इन गुमठियों में अवैध रूप से देशी शराब बेची जा रही है।
शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक यहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों और महिलाओं का निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने गांजा तस्करी और अवैध हथियार कट्टे रखे होने की आशंका भी व्यक्त की है।
अपराध का डर
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि गांव में पूर्व में हत्या जैसी गंभीर वारदातें हो चुकी हैं और आए दिन चोरी व लूट की घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में इन अवैध अड्डों के कारण कभी भी बड़ी अनहोनी होने की संभावना बनी रहती है।
ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
शिकायत पत्र की प्रतिलिपि एसडीएम लखनादौन को भी प्रेषित की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में सावित्री पटेल,प्रियंका डेहरिया,चंचल,रजनी,पार्वती,लक्ष्मी,माधुरी,सोमेश्वरी,दसोदा बाई ,दुलारी बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष सहित ग्राम के जनप्रतिनिधि शामिल थे
जिन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण नहीं हटाया गया और नशे के अवैध कारोबार पर लगाम नहीं कसी गई, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।








