
कांग्रेस का 140 वां स्थापना दिवस”

गांधी भवन में फहराया गया पार्टी का ध्वज,गाया गया राष्ट्रीय गान
कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं, भारत की आत्मा की आवाज’, ” डॉ मुनीश मिश्रा”
खंडवा/
रविवार को कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस पूरे देश मे मनाया गया। इस अवसर पर डॉ मुनीश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जो हमेशा कमजोर, वंचित और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ी रही है। श्री मिश्रा ने यह बात पार्टी जिला मुख्यालय गांधी भवन खण्डवा में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में कही। उन्होंने कहा कि हमे संकल्प लेना चाहिए कि हम सत्य, साहस की लड़ाई और संविधान की रक्षा में और भी मजबूत होकर खड़े हों, और घृणा, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ लड़ें।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह ने सभी कांग्रेसजनों को बधाई देते हुए कहा कि हम उन महान बलिदानों और ऐतिहासिक विरासत को नमन करते हैं, जिन्होंने भारत को आजादी दिलाई, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्य मजबूत किए।उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा भारतवासियों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए काम करती रही है। उत्तमपाल सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में कांग्रेस की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 62 वर्षों में करोड़ों कांग्रेसी देश के लिए संघर्ष करते रहे, जेल गए और स्वतंत्रता के लिए लड़ते रहे, जिससे भारत को आजादी मिली।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर)प्रतिभा रघुवंशी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान तथा लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की आज़ादी और लोकतांत्रिक परंपराओं की सशक्त विरासत है।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुरनी के पूर्व विधायक ठाकुर राजनारायण सिंह, सुनीता सकरगाये, कैलाश हरि पटेल शांतनु दीक्षित ,चैनसिंह वर्मा,जनपद पंचायत खंडवा अध्यक्ष प्रतिनिधि रामपाल सिंह केहलारी,सुरेश पवार हरसूद,नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर,चंदन राजपूत,शहजाद पवार,अनिल जाधव,हुकुम मेलुन्दे,अय्यूब लाला, सहित अन्य ने संबोधित करते हुए कांग्रेस की विचारधारा पर प्रकाश डाला।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि इससे पहले कांग्रेस के जिला अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह एवं प्रतिभा रघुवंशी ने गांधी भवन में समस्त कांग्रेसजनों की उपस्थिति में पार्टी का ध्वज फहराया और राष्ट्रीय गान गाया और कांग्रेस के 140 साल के इतिहास और योगदान को याद किया। वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अध्यक्षद्वय ने जिले एवं शहरवासियों को शुभकामनाएं दी और पार्टी के इतिहास और आदर्शों पर प्रकाश डाला। बता दें कि गांधी भवन में पार्टी के कार्यकर्ता एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी,सदस्य एवं वरिष्ठ नेता शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र राठौर ने किया एवं आभार शांतनु दीक्षित ने माना।











