



रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ, 07 नवम्बर 2025।
भारत सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय स्मरणोत्सव का भव्य आयोजन आज आजीविका भवन, झाबुआ में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया रहीं। कार्यक्रम में कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके पश्चात सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने मिलकर वंदे मातरम के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन किया।
राष्ट्रगीत के बाद नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। यह आयोजन वर्षभर चलने वाले वंदे मातरम स्मरणोत्सव के औपचारिक शुभारंभ का प्रतीक है, जो 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया गया।
वर्ष 2025, राष्ट्रगीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर है। बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा लिखा गया यह गीत 7 नवंबर 1875, अक्षय नवमी के पावन पर्व पर रचा गया था। पहली बार इसे साहित्यिक पत्रिका बंगदर्शन में उनके उपन्यास आनंदमठ के एक अंश के रूप में प्रकाशित किया गया था। मातृभूमि की शक्ति, समृद्धि और दिव्यता को समर्पित यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय एकता व आत्मगौरव की प्रेरणा बना।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, एसडीएम झाबुआ भास्कर गाचले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











