
150वीं वर्षगांठ पर “वंदे मातरम्” सामूहिक गायन कार्यक्रम संपन्न
—
खण्डवा//राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगाँठ देश में 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक समारोहपूर्वक मनाई जा रही है। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खंडवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार को एस एन कॉलेज परिसर में आयोजित किया गया । इस कार्यक्रम में “वंदे मातरम” के सामूहिक गायन के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन तथा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया।
खंडवा के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कॉलेज के विद्यार्थीगण मौजूद थे।
इस अवसर पर मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल ने उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति संबंधी शपथ दिलाई।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए वर्षभर विविध गतिविधियाँ आयोजित होंगी। इसमें प्रथम चरण में 7 से 14 नवम्बर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं। इसके बाद द्वितीय चरण में 19 से 26 जनवरी 2026 तक, तृतीय चरण में 7 से 15 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा अभियान” आयोजित होगा तथा चतुर्थ चरण में 1 से 7 नवम्बर 2026 तक समापन सप्ताह में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।











