
भोले की बारात के कलाकारों का नंद विहार समिति ने किया सम्मान।
खंडवा। नंद विहार कॉलोनी स्थित नंदेश्वर महादेव मंदिर में पहली बार आयोजित भोले की बारात में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का रविवार को नंद विहार समिति की ओर से सम्मान किया गया। बारात में शिव पार्वती और गणों के रुप में में शामिल कन्याओं को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि समिति अध्यक्ष पवन मेहता एवं सदस्यों ने कलाकारों की मेहनत और प्रस्तुति की सराहना की। पवन मेहता ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में युवाओं और कलाकारों की सहभागिता से हमारी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने कलाकारों का मनोबल बढ़ाते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
दो दिन में तैयार किया था पूरा एक्ट
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि भोले की बारात की तैयारी के दौरान कलाकारों ने कड़ी मेहनत करते हुए महज दो दिनों में पूरा एक्ट तैयार किया था। सीमित समय में तैयार की गई प्रस्तुति को बारात के दौरान लोगों ने सराहा। कलाकारों की इसी मेहनत को देखते हुए समिति की ओर से सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान रिहर्सल करवाने में सहयोग करने वाली श्रीमती संध्या मौर्य को भी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति सदस्यों ने बारात में शामिल सभी कलाकारों और कन्याओं को उपहार वितरित किए। सम्मान और उपहार मिलने पर कलाकारों व कन्याओं में उत्साह नजर आया। समिति पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों का आभार व्यक्त किया।












