प्रसिद्ध सितार वादक पंडित प्रमोद बापट की स्मृति में सांगीतिक संध्या आज।
आयोजित कार्यक्रम में सुगम संगीत के साथ 8 युवा सितार वादक एवं 10 युवा तबला वादक भाग लेंगे।
खंडवा। प्रख्यात वरिष्ठ सितार वादक पंडित प्रमोद बापट जी की स्मृति में 7 जून रविवार को सायं 6:00 बजे एक विशेष सांगीतिक संध्या का आयोजन डॉ.सी सी वी रमन विश्वविद्यालय सिटी ऑफिस इंदिरा चौक के पास किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ सितार वादक एवं स्वर श्रृंगार संस्था, खंडवा के संस्थापक कनक अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर श्रृंगार संस्था द्वारा प्रस्तुत सामूहिक सितार वादन से होगा, जिसमें लगभग 8 युवा सितार वादक एवं 10 युवा तबला वादक भाग लेंगे। इन कलाकारों में खंडवा, इंदौर, ग्वालियर सहित विभिन्न शहरों की युवा प्रतिभाएं शामिल हैं। इसके पश्चात खंडवा की प्रतिष्ठित गायिका एवं आकाशवाणी ग्रेडेड कलाकार श्रीमती वर्षा मिश्रा द्वारा सुगम संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।
आयोजक कनक अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को भारतीय संगीत की ओर प्रेरित करना, उन्हें मंच उपलब्ध कराना तथा शहर में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी संगीत प्रेमियों से इस अनूठे आयोजन में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।












