
जैनत्व बाल संस्कार शिविर का आज होगा समापन।

बुधवार को शिविर में भाग लेने वाले बच्चों की हुई धार्मिक परीक्षा।
खंडवा। आज बच्चों को स्कूली शिक्षा के साथ धर्म और संस्कारों की शिक्षा की भी आवश्यकता है, जिसके माध्यम से हमारे बच्चे प्रतिभावान बन सकते हैं। आज के इस आधुनिक युग में बड़े तो क्या छोटे भी भटक रहे हैं, हमारा अधिकांश कीमती समय मोबाइल ने छीन लिया है, ऐसे समय बच्चों को धार्मिक संस्कारों की आवश्यकता है। समाज के सचिव सुनील जैन ने बताया कि सत्पुरुष कानजी स्वामी की मंगल प्रभावना के साथ दिगंबर जैन मुमुक्ष मंडल,महीला मंडल, धर्म प्रभावना बहू मंडल के तत्वावधान में 30 अप्रैल से गुरुवार 7 मई तक सर्राफा स्थित जैन धर्मशाला में प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी 20वां जैनत्व बाल संस्कार शिविर एवं विश्व शांति हेतु 64 रिद्धि मंडल विधान एवं श्री द्रव्य संग्रह मंडल विधान की संगीत मय पूजा का आयोजन हुआ। बड़े उत्साह के साथ समाज के बच्चों ने धर्म की शिक्षा के अध्ययन के साथ देव दर्शन, भगवान का अभिषेक एवं पूजा अर्चना पद्धति को सीखा। सुनील जैन ने बताया कि 7 मई समापन के पूर्व बुधवार को शिविर में भाग लेने वालों बच्चों की धार्मिक परीक्षा का आयोजन हुआ। आज गुरुवार शिविर के समापन अवसर पर प्रातः काल प्रभात फेरी, धर्मशाला में श्री जी का अभिषेक, शांति धारा, पूजा अर्चना, धर्मशाला से मंदिर तक श्री जी का विहार एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा।







