
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रेड क्रॉस द्वारा 25 टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित

खंडवा, 05 मई 2026
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत खंडवा जिले में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय, खंडवा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंडवा जिले की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे मुख्य अतिथि एवं समाजसेवी श्री लखनलाल नागोरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, खंडवा द्वारा 25 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण आहार (फूड बास्केट) वितरित किए गए। इस अवसर पर ‘निक्षय मित्र योजना’ के संबंध में जानकारी देते हुए रेडक्रॉस चेयरमैन श्री अखिलेश गुप्ता ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण आहार, मानसिक सहयोग एवं अन्य आवश्यक सहायता प्रदान कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि रेड क्रॉस सोसाइटी सप्ताह 02 मई 2026 से 08 मई 2026 तक मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
यह कार्यक्रम कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. एस.एस. राठौड़ के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. एस.एस. राठौड़ ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों को 6 माह तक नियमित रूप से पोषण आहार एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार में दवाओं के साथ संतुलित पोषण भी अत्यंत आवश्यक है।
रेड क्रॉस के राज्य प्रतिनिधि श्री भारत झंवर ने बताया कि ‘निक्षय मित्र’ बनने वाले प्रत्येक व्यक्ति द्वारा एक मरीज का छह माह तक सतत संपर्क रखते हुए हर माह पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष अग्रवाल द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन श्री भानु भाई पटेल ने किया।
कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. ओ.पी. जुगतावत, सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, जिला क्षय अधिकारी डॉ. एस.एस. राठौड़ सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के अनेक सदस्य एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. राठौड़ ने आमजन से अपील की कि वे आगे आकर ‘निक्षय मित्र’ बनें और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही इस गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।










