ताज़ा ख़बरें

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: डॉ. संतोष देवांगन बने GPM कलेक्टर

छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर पद पर भी बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, आईएएस डॉ. संतोष कुमार देवांगन (2013 बैच) को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग में आयुक्त के पद पर पदस्थ थे तथा राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।वहीं, आईएएस लीना कमलेश मंडावी (2016 बैच) को भी नई जिम्मेदारी देते हुए प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड पद पर पदस्थ किया गया है। शासन का यह फैसला प्रशासनिक कार्यों में तेजी, बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में अहम माना जा रहा है।

डॉ. देवांगन का लंबा प्रशासनिक अनुभव

डॉ. संतोष देवांगन प्रशासनिक सेवा में अपने अनुभव और कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग एवं महाधिवक्ता कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा महासमुंद, रायगढ़, जशपुर, बिलासपुर, बस्तर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, कोंडागांव और नारायणपुर जैसे जिलों में डिप्टी कलेक्टर, अपर कलेक्टर, ज्वाइंट कलेक्टर एवं एसडीएम जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

प्रशासनिक कसावट की दिशा में बड़ा कदम

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था में कसावट लाने और विकास कार्यों की गति बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि संबंधित विभागों एवं जिलों में कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में सुधार देखने को मिलेगा।

बताया गया है कि शासन द्वारा जारी यह सभी नियुक्तियां अगले आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!