ताज़ा ख़बरें

ओंकारेश्वर में अतिक्रमण कार्रवाई पर बवाल, पुनर्वास की मांग तेज

खास खबर

ओंकारेश्वर में अतिक्रमण कार्रवाई पर बवाल, पुनर्वास की मांग तेज

जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह मिलें पीड़ितों से,सरकार से उचित मुआवजे और पुनर्वास की करी मांग
खंडवा/
ओंकारेश्वर में “ओंकारेश्वर लोक” निर्माण के नाम पर हो रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि प्रशासन द्वारा गरीब परिवारों के मकान तोड़े जा रहे हैं, जबकि उनके पुनर्वास या वैकल्पिक प्लॉट की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने बरसात से पहले ही सिर छुपाने का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ितों का कहना है कि बिना उचित मुआवजा और पुनर्वास के उन्हें बेघर कर दिया गया है। कई परिवार ऐसे हैं जिनमें कमाने वाला कोई नहीं है। कुछ मामलों में महिलाओं पर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी है, जबकि एक युवती ऐसी भी है जो फुटपाथ पर दुकान लगाकर अपना गुजारा कर रही है और अब उसके पास भी रहने का ठिकाना नहीं बचा।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ओंकारेश्वर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार से मांग की कि गरीबों के आशियाने न तोड़े जाएं और यदि तोड़ना अनिवार्य हो तो पहले उन्हें उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही स्पष्ट नीति बनाकर पीड़ितों को राहत नहीं दी, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर उस परिवार के साथ खड़ी है, जिनके घर उजाड़े जा रहे हैं और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के साथ चंपा बाई नगर परिषद अध्यक्ष ओंकारेश्वर, रोमी चौकसे, चंद्रकांत महालिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नादान सिंह सोलंकी, सोनू बोरकर,कड़वा कहार,गब्बर,मोड़ा जी सहित बड़ी संख्या में पीड़ित जनमानस एवं कांग्रेसजन मौजूद रहें।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!