
अधिकारों के प्रति जागरूक हों महिलाएं, तभी होगा सशक्त समाज का निर्माण, ,,प्रवीण शर्मा,,

खंडवा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विश्वास परियोजना द्वारा महिलाओं के अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सेंट मैरी कैंपस, गणेश तलाई में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया की कार्यक्रम में न्यायपीठ बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा (प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट समकक्ष) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शिक्षाविद, समाजसेवी एवं वूमेन इंपावरमेंट जिला संयोजक हर्षा शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोजेक्ट डायरेक्टर सिस्टर स्टेला ने की तथा संचालन अमर सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। सुनील जैन ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रवीण शर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, बाल संरक्षण से संबंधित कानून, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जागरूक महिला ही परिवार, समाज और राष्ट्र को सशक्त बना सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि बाल कल्याण समिति द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि हर्षा शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण का आधार शिक्षा, आत्मविश्वास और अधिकारों की सही जानकारी है। जब महिलाएं अपने अधिकारों को जानती हैं, तभी वे अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने में सक्षम होती हैं। कार्यक्रम में विश्वास परियोजना से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन अमर सिंह द्वारा किया गया।











