एचपीवी टीकाकरण के लिए सभी एसडीएम नोडल अधिकारी रहेंगे
—
जनपद के सीईओ, बीएमओ और सीडीपीओ सहायक नोडल अधिकारी होंगे
—
खण्डवा//महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान इन दिनों जारी है। इस अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष से कम उम्र की किशोरियों को एचपीवी के टीके लगाये जा रहे हैं। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने इस अभियान के व्यवस्थित तरीके से क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी एसडीएम को उनके क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों और शिक्षा विभाग के विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों को अपने-अपने विकासखंड क्षेत्र के लिए सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय खण्डवा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पंधाना, सिंगोट, छैगांवमाखन, मूंदी, पुनासा, खालवा, किल्लौद, ओंकारेश्वर, हरसूद, मूंदी व जावर के सरकारी अस्पतालों में किशोरी बालिकाओं को एचपीवी के टीके लगाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं को अपने निकटतम टीकाकरण केन्द्र पर ले जाकर एचपीवी का टीका अवश्य लगवायें।









