
*जिले में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां आयोजित*
*खेल, रैली एवं शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जा रहा जागरूक*
*डिंडौरी, 29 जुलाई 2026*
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों के शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में उत्कृष्ट विद्यालय करंजिया में नशामुक्ति अभियान के तहत विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिससे उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित संदेशों एवं नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने नशे से स्वयं दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थय को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बाधक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल एवं शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।











