
637 हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जाँच की गई
—
खण्डवा
“प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान” के तहत गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हर माह की 9 एवं 25 तारीख को सरकारी अस्पतालों में स्त्री रोग विशेषज्ञ व चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं की जांच कर उपचार किया जाता है। इसी क्रम में सोमवार को जिले के सरकारी अस्पतालों में कुल 637 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जाँच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगतावत ने बताया कि जांच के दौरान जटिलताओं को देखते हुए ऐसी चिन्हांकित गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी के लिए खण्डवा भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की एनीमिया, उच्च रक्तचाप, शुगर की जांच की जाती है। इसके अलावा जिन महिलाओं का पूर्व में सिजेरियन प्रसव हो चुका हो, जुड़वा बच्चे हुए हों, गर्भ में उल्टा बच्चा हो, पूर्व में गर्भपात हुआ हो, या पूर्व में जन्मे शिशु में जन्मजात विकृति हो, ऐसी गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क वाली महिला माना जाता है।









