

रिपोर्टर – भव्य जैन
झाबुआ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन समाज की महावीर महिला मंडल द्वारा बहादुर सागर तालाब के किनारे स्थित चमत्कारी 1008 श्री चंद्र प्रभु दिगंबर जैन नसिया जी मंदिर परिसर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर महिला शक्ति, सम्मान और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला सशक्तिकरण विषय पर विचार गोष्ठी से हुई, जिसमें उपस्थित महिलाओं ने परिवार और समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। सभी ने महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर जोर दिया।
इसके पश्चात कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए “किसके सिर पर होगा ताज” नामक मनोरंजक प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीमती नम्रता शाह तथा द्वितीय स्थान प्राची कोठारी को प्राप्त हुआ। साथ ही विभिन्न मनोरंजक गेम्स भी आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। अंत में सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिला शक्ति के सम्मान का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम महिला मंडल अध्यक्ष भावना जैन, उपाध्यक्ष मीनाक्षी शाह, रानी मिंडा एवं सचिव नैना कोठारी ने बड़ी लगन से इस शानदार कार्यक्रम को तैयार किया और खूबसूरत तरीके से यह आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन समाज की महिलाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और यादगार रहा।








