
*डिंडौरी : 31 अगस्त,2026*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में डीएफओ श्री अशोक सोलंकी, सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने डीएफओ से कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के दिन 11 वनग्रामों में भी कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिसमें उपस्थित हितग्राहियों से संबंधित शिकायत का शत प्रतिशत निराकरण करें तथा विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों को भी शत प्रतिशत निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक धरातल पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के तहत राशि एवं सब्सिडी समय पर उपलब्ध कराएं। साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी आवासीय क्षेत्र में पानी का भराव न हो तथा जहां जलभराव की स्थिति है, वहां तत्काल पानी की निकासी की व्यवस्था कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि फार्मर आईडी तैयार करने के कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर इसे जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जन विश्वास अभियान विकासखंड शहपुरा में आयोजित होगा जिसमें लगने वाले शिविरों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए निर्देश दिए कि शिविरों के आयोजन से पूर्व सभी विभाग अपने लंबित प्रकरणों का निराकरण कर लें। उन्होंने विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों को निर्देशित किया कि सभी कृषकों की ’’ई-केवाईसी एवं फार्मर आईडी’’ तैयार करने का कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी कृषकों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करें, ताकि पात्र कृषकों को शासन की कृषि योजनाओं, अनुदान एवं अन्य सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।












