ताज़ा ख़बरें

*खंडवा की 14 वर्षीय अर्शिया ने बैतूल में लहराया परचम, महिला कुश्ती में बनीं विजेता*

खास खबर

*खंडवा की 14 वर्षीय अर्शिया ने बैतूल में लहराया परचम, महिला कुश्ती में बनीं विजेता*

*सेमीफाइनल में छिंदवाड़ा की पूर्वा और फाइनल में आभा ठाकुर को दी पटखनी, गोल्ड मेडल के साथ जीते 5 हजार रुपये, अली पवार और अक्षय ने भी जीती कुश्तियां*

खंडवा। छोटी उम्र, बड़ा हौसला और अखाड़े में दमदार दांव-पेंच… 14 वर्षीय महिला पहलवान अर्शिया अल्ताफ ने एक बार फिर खंडवा का नाम रोशन किया है। बैतूल जिले के बागडोना-घोड़ाडोंगरी में रविवार को आयोजित विराट आम दंगल में अर्शिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला कुश्ती का प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सेमीफाइनल और फाइनल में छिंदवाड़ा की पहलवानों को शिकस्त देकर अर्शिया ने गोल्ड मेडल और 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की।

सेमीफाइनल और फाइनल में दिखाया दम

30 अगस्त को आयोजित दंगल में अर्शिया ने सेमीफाइनल मुकाबले में छिंदवाड़ा की पूर्वा ठाकुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में भी उन्होंने शानदार दांव लगाते हुए आभा ठाकुर को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। दंगल समिति की ओर से उन्हें गोल्ड मेडल के साथ 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

समाजसेवी एवं प्रवक्ता सुनील जैन ने खंडवा के सभी पहलवानों को जीत की शुभकामनाएं देते हुए बताया की कुश्ती कला में हमारा खंडवा जिला मध्य प्रदेश में कुश्ती का हब बन चुका है, यहां के बालक एवं बालिका पहलवानो ने अपने हुनर का परिचय देते हुए शानदार कुश्ती का प्रदर्शन करते हुए जिला ,प्रदेश, देश एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खंडवा का नाम रोशन किया है।

खंडवा के दो अन्य पहलवानों ने भी जीती कुश्तियां

दंगल में खंडवा के अली पवार पहलवान ने दो मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि अक्षय पहलवान ने भी एक कुश्ती अपने नाम की। इस दौरान कुश्ती कोच जगदीश पटेल और अल्ताफ पहलवान खंडवा भी पहलवानों के साथ मौजूद रहे।

चार साल से देशभर में खंडवा का नाम कर रहीं रोशन

प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि अर्शिया पिछले करीब चार वर्षों से कुश्ती के मैदान में सक्रिय हैं। मध्य प्रदेश के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित दंगलों में वह लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। जम्मू, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और पंजाब सहित कई स्थानों की दंगल समितियां उन्हें विशेष रूप से मुकाबलों के लिए आमंत्रित करती हैं। अर्शिया एक दंगल में अक्सर चार से पांच कुश्तियां लड़ती हैं।
वर्तमान में वह बोरगांव स्थित जगदीश पटेल के अखाड़े में मिट्टी की कुश्ती के साथ गद्दे की कुश्ती का भी प्रशिक्षण ले रही हैं। कम उम्र में लगातार मिल रही सफलताओं से अर्शिया ने खंडवा की महिला कुश्ती को नई पहचान दिलाई है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!