
*सिंधी समाज ने मनाई कजली तीज टिजड़ी*

खंडवा।सिंधी समाज की महिलाओं ने सोमवार को तीज का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया।मुख्य रूप से आयोजन सिंधी कॉलोनी स्थित शिव धाम मंदिर में हुआ।
सिंधी समाज के ब्राह्मण पंडित श्याम शर्मा और प्रवक्ता कमल नागपाल द्वारा जानकारी दी गई कि सोमवार, 31 अगस्त 2026 शिव धाम सिंधी कॉलोनी, गली नंबर 2 में गुरु माता (गुरुयाणी) राधा शर्मा के द्वारा सभी को कजली तीज का पूजन करवाया गया एवं पवित्र झूला झुलाया गया।कथा भी उन्हीं के द्वारा संपन्न कराई गई।
उल्लेखनीय है कि कजली तीज के व्रत को सिंधी समाज में ‘टीजड़ी’ कहा जाता है।चूंकि गणना अमावस्या से अमावस्या के अनुसार चलती है, इसलिए यह व्रत कृष्ण पक्ष की तृतीया (तीज) को मनाया गया। यह व्रत करवा चौथ के समान ही पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए रखा गया।
पंडित श्याम शर्मा के अनुसार व्रत से एक दिन पहले सुहागिन महिलाओं ने दोनों हाथों में मेहंदी लगाई।सुहागिनें सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठीं और भोजन (सरगी) ग्रहण किया।इसके बाद तुलसी माता तथा भगवान शिव व माता पार्वती का विधि-विधान से पूजन किया गया। पूजन के उपरांत जल ग्रहण कर निर्जला/निराहार व्रत का संकल्प लिया गया।
दिन भर व्रत रखकर भगवान की आराधना व भजन-कीर्तन किया गया।
वहीं शाम में सुहागिनें एकत्रित हुईं और टीजड़ी व्रत की कथा सुनी।
रात्रि में चंद्रमा के दर्शन होने पर चंद्रमा को दूध का अर्घ्य दिया गया।अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण हुआ,जिसके बाद महिलाओं ने भोजन ग्रहण किया।इस प्रकार व्रत का समापन हुआ।











