ताज़ा ख़बरें

सड़क सुरक्षा के ‘सैनिक’ बनेंगे जन अभियान परिषद के विद्यार्थी: यातायात पुलिस ने सिखाए ट्रैफिक मैनेजमेंट के गुण

खास खबर

सड़क सुरक्षा के ‘सैनिक’ बनेंगे जन अभियान परिषद के विद्यार्थी: यातायात पुलिस ने सिखाए ट्रैफिक मैनेजमेंट के गुण
थाना यातायात पहुँचे 70 छात्र/छात्राए सड़क पर जिंदगी बचाने की तकनीक सीखी, राहवीर और कैशलेस योजना की ली विस्तृत जानकारी
खंडवा, 28 फरवरी 2026
खंडवा। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, जिला खंडवा के ‘मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम’ के अंतर्गत आज सामाजिक सरोकार और सामुदायिक जागरूकता की एक नई पहल देखने को मिली। कार्यक्रम में अध्ययनरत BSW (बैचलर ऑफ सोशल वर्क) एवं MSW (मास्टर ऑफ सोशल वर्क) के लगभग 70 विद्यार्थियों ने आज स्थानीय यातायात थाने का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान भविष्य के समाजसेवियों ने यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और इससे जुड़े कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
डीएसपी यातायात ने शांत की विद्यार्थियों की यातायात संबंधी जिज्ञासा
भ्रमण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री अनिल राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यातायात पुलिस की कार्यशैली और समाज में उनके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए बताया कि ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन की रक्षा करना है। उन्होंने विशेष रूप से: ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर वाहन चलाना), ओवर स्पीडिंग और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन के खतरे, हेलमेट और सीटबेल्ट की अनिवार्यता यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्यवाही, जुर्माने और सजा के प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया।
तकनीकी उपकरणों का प्रदर्शन
यातायात सूबेदार श्री धर्मेंद्र गौड़ ने विद्यार्थियों को सड़क पर लगे विभिन्न यातायात संकेतों (Traffic Signs) का अर्थ समझाया। उन्होंने आधुनिक उपकरणों जैसे ब्रीद एनालाइजर मशीन (शराब की जांच हेतु) और e-चालान मशीन के कार्य करने के तरीके का व्यावहारिक प्रदर्शन किया, जिससे विद्यार्थी पुलिस की पारदर्शी कार्यप्रणाली को समझ सके।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
यातायात पुलिस के आरक्षक 470 पवन कुमार मोहे ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मानवीय और आर्थिक पहलुओं पर जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण योजनाओं से अवगत कराया:
 राहवीर (Good Samaritan) योजना:- दुर्घटना में मदद करने वाले मददगारों को कानूनी सुरक्षा और प्रोत्साहन।
 कैशलेस उपचार योजना:- दुर्घटना पीड़ितों के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता।
 अज्ञात वाहन दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना:- ‘हिट एंड रन’ मामलों में पीड़ितों को मिलने वाली सरकारी सहायता।
सामुदायिक नेतृत्व का संकल्प: भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे समाज के बीच जाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के प्रतिनिधि प्रभु मसानी, अजय भलराय, राहुल यादव, दिलावर ओसवाल और यातायात विभाग का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!