
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
—
“संकल्प से समाधान अभियान” के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण करें
—
खण्डवा#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि “संकल्प से समाधान अभियान” के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करें। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की तहसील स्तर पर नियमित रूप से समीक्षा करें और निराकरण में गति लाएं। कलेक्टर श्री गुप्ता सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, जिला पंचायत के सीईओ डॉ नागार्जुन बी. गौड़ा, एसडीएम पुनासा श्री पंकज वर्मा, सहायक कलेक्टर डॉक्टर श्री कृष्णा सुशीर, अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले तथा श्री अरविंद चौहान सहित सभी एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ-साथ अन्य विभागों के जिलाधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में पिछले दिनों आयोजित रक्तदान शिविरों की प्रगति की समीक्षा भी की। प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर ब्लड बैंक की काउंसलर सुश्री पूजा रायकवार का एक माह का वेतन काटने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने “एक बगिया मां के नाम” अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि जिन बगियाओं में अभी तक पौधे नहीं लगाए गए हैं, वहां संबंधित के विरुद्ध वसूली की कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृति के बावजूद खेत तालाबों का निर्माण न करने वालों से भी वसूली की कार्रवाई की जाए। उन्होंने बैठक में मतदाता सूची के “विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान” की प्रगति की भी समीक्षा की और सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे भी अपने-अपने स्तर से इस अभियान की नियमित समीक्षा करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के आवेदनों का समय सीमा में निराकरण हो, यह सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि नरवाई ना जलाने के लिए किसानों को प्रेरित करें। साथ ही किसानों को मूंग फसल लगाने के स्थान पर खरबूजे और मूंगफली जैसी फसले लगाने के लिए प्रेरित करें। बैठक में उन्होंने मिशन अमृत संचय अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की, और मैरिज गार्डन, वेयरहाउस, नर्सिंग होम, प्राइवेट स्कूल जैसे बड़े सामुदायिक भवनों की पक्की छतों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पीएचई की कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि एसडीएम एवं जनपद के सीईओ के सहयोग से जल जीवन मिशन की पूर्ण हो चुकी नल जल योजनाओं को संबंधित पंचायतों को हस्तांतरित करवाएं।










