
श्री नीलकंठ गोलमोल बाबा दशहरा उत्सव समिति द्वारा एसएन कॉलेज ग्राउंड पर होगा रावण दहन।
रावण दहन के पूर्व बुरहानपुर और हरदा के कलाकारों के बीच होगा आतिशबाजी का मुकाबला।
खंडवा। नगर में बड़ी भक्ति भाव के साथ नवरात्रि पर्व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। मंगलवार को मंदिरों में दुर्गा अष्टमी पर रात्रि में महा आरती का आयोजन हुआ वही दुर्गा नवमी पर हवन पूजन और कन्या भोज का आयोजन हुआ। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि 2 अक्टूबर गुरुवार विजयादशमी के पावन अवसर पर शहर के कई स्थानों पर रात्रि में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्य रूप से गोलमाल बाबा एसएन कॉलेज ग्राउंड, दुध तलाई नेहरू स्कूल ग्राउंड, नवचंडी धाम मेला क्षेत्र, स्टेडियम ग्राउंड, भवानी माता मंदिर प्रांगण सहित अन्य स्थानों पर रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा। रावण दहन के पश्चात लोग एक दूसरे को दशहरे की शुभकामना देंगे ।विगत 61 वर्ष से गोलमाल बाबा दशहरा उत्सव समिति के माध्यम से रावण दहन कार्यक्रम आतिशबाजी के साथ किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष पूर्व पार्षद बलराम वर्मा ने बताया कि 2 अक्टूबर विजयादशमी के अवसर पर गोलमाल बाबा राम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचेंगे। वहीं प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी एसएन कॉलेज ग्राउंड पर बुरहानपुर के अश्विनी चौहान और हरदा के मूसा भाई के द्वारा आतिशबाजी का भव्य मुकाबला रावण दहन के पूर्व होगा। जीतने वाले को ₹11000 का नगद इनाम और सम्मान भी किया जाएगा। अध्यक्ष बलराम वर्मा ने बताया कि इस वर्ष रावण 71 फीट मेघनाथ, कुंभकरण, के पुतले 21-21 फीट के होंगें। गोलमोल बाबा राम मंदिर काफी प्राचीन मंदिर है जहां भगवान भोलेनाथ के साथ मां दुर्गा के साथ ही भगवान श्री राम हनुमान जी की प्राचीन प्रतिमा स्थापित है। इसलिए यहां दशहरे का महत्व सबसे अलग माना जाता है। गोलमोल बाबा मंदिर में खंडवा शहर के हजारों श्रद्धालु और माता बहने परिवार के साथ यहां पर दर्शन कर सोना चांदी चढ़ाते हें।
एस एन कॉलेज ग्राउंड पर गोलमाल बाबा दशहरा उत्सव समिति द्वारा रावण दहन रात्रि 9:15 पर होगा। इसके पूर्व भव्य आतिशबाजी का आयोजन होगा। रावण दहन के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के साथ अतिथि के रूप में विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ,शहर अध्यक्ष कांग्रेस नेत्री प्रतिभा रघुवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, भाजपा नेता परमजीत सिंह नारंग, पार्षद ज्योति कन्हैयावर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित होंगे।











