
युवाओं को सोशल मीडिया से जोड़ेगी कांग्रेस,संविधान लीडरशिप प्रोग्राम के तहत चलाएगी अभियान
सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ता बनेगा मजबूत
खंडवा/
युवाओं को सोशल मीडिया से जोड़ने के लिए कांग्रेस द्वारा अभियान चलाया जाएगा। उक्त बात भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता योगेश साहू गांधी भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन बताया कि श्री साहू ने संविधान लीडरशिप प्रोग्राम के तहत चलाए जा रहे लोकतंत्र का पांचवां स्तंभ अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि कई बार मुख्यधारा की मीडिया विभिन्न कारणों से आम लोगों की मूलभूत समस्याओं को नहीं उठा पाती है। ऐसे में सोशल मीडिया इन मुद्दों को सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर वैकल्पिक मीडिया तैयार करना, बहुजन डिजिटल आवाज को मंच देना और मजबूत वैचारिक संवाद स्थापित करना है।
“सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं का बनेगा नेटवर्क”
साहू ने जानकारी दी कि युवा कांग्रेस ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रही है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनता की आवाज उठाते हैं। इन लोगों को अभियान से जोड़कर एक नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जो स्थानीय समस्याओं को डिजिटल माध्यम से उजागर करेगा। इसके लिए एक नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर लोग इस अभियान से जुड़ सकते हैं।
“आवाज उठाने वालों को मिलेगी कानूनी मदद”
उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते हैं, उन्हें संगठन की ओर से कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। उनका दावा है कि इस पहल से युवाओं को डिजिटल नेतृत्व का अवसर मिलेगा और लोकतंत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी। युवा कांग्रेस जल्द ही जिले में सक्रिय सोशल मीडिया संचालकों की सूची तैयार कर वरिष्ठ नेतृत्व को सौंपेगी, ताकि जनहित के मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस अनिल जाधव ,जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन,संतोष गौर,रणधीर कैथवास,अयान खान,अयान पठान,कपिल पटेल,मुकेश राठौड़,पन्नालाल पवार,दिलीप बंजारा, जगन्नाथ राठौड़,विशाल राठौड़,हसन मुगल,संदीप सीहोरे,वामनराव जाधव सहित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।








