
महापौर अमृता अमर यादव ने किया डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल का निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

खंडवा। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने जिला चिकित्सालय के पास स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने प्रतिमा स्थल पर साफ-सफाई, टेंट, लाइट, साउंड एवं आकर्षक सजावट सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर ने विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए प्रतिमा स्थल के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं ध्वनि व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं एमआईसी सदस्य वरुण विक्की बावरे, श्री सोमनाथ काले, मंडल अध्यक्ष श्रीमती स्नेह पाराशर, निगम के उपायुक्त सचिन कुमार सितोले एवं नवनीत शुक्ला उपस्थित रहे।








