
सिंगोट एवं पाडल्या सेक्टर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली गयी
खंडवा 24 अप्रैल, 2025 – महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना पंधाना के अंतर्गत सेक्टर सिंगोट एवं पाडल्या आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विक्रांत दामले द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से महिला एवं बाल विकास विभाग में संचालित विभिन्न कार्यक्रम मिशन आंचल अभियान, मिशन नींव अभियान एवं सुकन्या समृद्धि योजना की समीक्षा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा मिशन आंचल अभियान के अंतर्गत सभी सेम एवं मेम बच्चों को स्थानीय प्रबुद्ध जनों को गोद दिलाने एवं पौष्टिक आहार के संबंध में सभी कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई। मिशन नींव के अंतर्गत सभी कार्यकर्ताओं से आंगनवाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष के बच्चों को व्हाट्सएप ऐप पर प्राप्त खेल वीडियो के आधार पर बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान किए जाने पर चर्चा की गई। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत सभी बालिकाओं को आवश्यक रूप से खाता खोले जाने के संबंध में केंद्र बार समीक्षा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोस्ट ऑफिस एवं बैंकों द्वारा आयोजित कैंपों में सहयोग कर आंगनवाड़ी केंद्र पर पंजीकृत 0 से 6 वर्ष की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के खाता खोले जाने हेतु निर्देशित किया गया। सी सेम कार्यक्रम की समीक्षा में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि सभी सेम एवं मेम बच्चों को विभाग की संपर्क एप्लीकेशन के सी सेम मॉड्यूल में आवश्यक रूप से दर्ज किया जाए एवं उनके फॉलो अप दर्ज किए जाएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली बहना योजना एवं पोषण ट्रैकर पर 0 से 5 वर्ष के बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग की समीक्षा की गई। बैठक में एम्स भोपाल के रीजनल मॉनिटर सी सेम कार्यक्रम अमित शर्मा, परियोजना अधिकारी पंधाना श्री रूप सिंह सिसोदिया एवं सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती मंजुला सुसारे उपस्थित थी।








