ताज़ा ख़बरें

विकास भवन का औचक निरीक्षण, 7 कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन रोका गया

Hardoi-Uttar, Pradesh

विकास भवन का औचक निरीक्षण, 7 कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन रोका गया

 

#हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी हरदोई सान्या छाबड़ा ने सोमवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण प्रातः 10:15 बजे किया गया, जिसमें जिला विकास कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग, डीआरडीए, मनरेगा, एनआरएलएम, कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय, लघु सिंचाई विभाग, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं नेडा कार्यालय शामिल रहे।

 

निरीक्षण के दौरान 7 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनमें मानव कुमार (संविदा सहायक लेखाकार), मदलसा पांडेय (कनिष्ठ सहायक), विनय कुमार सिंह (बीएमएम), विनोद कुमार (कनिष्ठ सहायक), सुनीता देवी (ग्राम पंचायत अधिकारी), रवि बाबू (संविदा लेखाकार) तथा मो. जान (कंप्यूटर ऑपरेटर) शामिल हैं। सभी का एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास कार्यालय कक्ष के दाहिनी ओर रखे पुराने नक्शे को पुनः पेंट कराकर पोर्टिको में व्यवस्थित रूप से लगाने, गैलरी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सभी कर्मचारियों की नेम प्लेट एवं कक्षों के सामने विवरण अंकित कराने तथा सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

 

इसके साथ ही विकास भवन परिसर में दोपहिया वाहनों को अव्यवस्थित रूप से खड़े किए जाने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थल में खड़ा कराने, भवन के पीछे खाली भूमि पर शोभाकार पौधे लगवाने, नियमित सफाई कराने तथा निष्प्रयोज्य सामग्री एवं अभिलेखों की नीलामी कराकर नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में आगंतुकों की बैठने की व्यवस्था, ई-ऑफिस संचालन तथा अलमारियों में रखे अभिलेखों की स्थिति भी देखी गई। अलमारियों के पृष्ठभाग एवं रैक पर अभिलेखों का विवरण अंकित कराने के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के समय जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. राम प्रकाश उपस्थित रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!