
झाबुआ। सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में केशव इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। विद्यालय की वाणिज्य संकाय की छात्रा हर्षिता सोनी ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं सुरभि श्रीवास्तव ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने के बाद दोनों छात्राओं ने झाबुआ कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट से भेंट की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री भरसट ने दोनों प्रतिभावान छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के संचालक श्री ओम शर्मा ने बताया कि स्कूल में अनुभवी एवं पारंगत शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों का निरंतर मार्गदर्शन किया जाता है, जिससे वे सफलता की ओर अग्रसर होते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर चुके अधिकारियों, व्यवसायियों, चिकित्सकों एवं अन्य विशेषज्ञों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करवाती है, जिससे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में अध्ययन के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों का भी समुचित प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। विद्यालय की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में हर्ष का वातावरण है।









