
किशोर प्रेरणा मंच के मिलन समारोह में एसपी मनोज रॉय को दी भावभीनी विदाई, एसपी अगम जैन का किया आत्मीय स्वागत
किशोर दा के आयोजनों हेतु मंत्री धर्मेंद्र लोधी द्वारा 10 लाख की घोषणा का किया अभिनंदन।
खण्डवा। खण्डवा वाले स्वर सम्राट की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने एवं नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गठित किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला की अध्यक्षता एवं संस्था के संरक्षक कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में मंच परिवार का आत्मीय मिलन समारोह आयोजित किया गया।
मंच के प्रवक्ता सुनील जैन एवं सचिव नारायण बाहेती ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में संस्कृति मंत्री एवं खण्डवा के प्रभारी मंत्री द्वारा लायन्स क्लब के भूमिपूजन कार्यक्रम में किशोर कुमार से जुड़े सांस्कृतिक आयोजनों हेतु संस्कृति विभाग से 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा का मंच परिवार ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।आयोजित समारोह में मंच के पदेन संरक्षक एवं पुलिस अधीक्षक के पदोन्नति उपरांत स्थानांतरण पर डीआईजी मनोज राय को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवागत पुलिस अधीक्षक अगम जैन का आत्मीय स्वागत एवं फेयरवेल समारोह आयोजित किया गया।
अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मनोज रॉय ने किशोर प्रेरणा मंच के आयोजनों एवं खण्डवा के सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदीप जैन ने नवागत एसपी अगम जैन का परिचय देते हुए बताया कि वे संस्कृति, साहित्य एवं सामाजिक गतिविधियों में विशेष रुचि रखते हैं तथा “कभी गाँव कभी कॉलेज” पुस्तक के लेखक भी हैं। मंच की प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पारिवारिक मिलन समारोह में अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला, कलेक्टर , एसपी मनोज रॉय, नवागत एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ , एसडीएम सिंगई, संरक्षक प्रमोदपुरी, उपाध्यक्ष गुरमितसिंह उबेजा एवं सचिव नारायण बाहेती मंचासीन रहे।
मंच के संरक्षक व कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने “ज़िंदगी का सफर, है ये कैसा सफर…” गीत की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लियाऔर उन्होंने कहा कि किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच ने अपने प्रभावी आयोजनों के माध्यम से केवल किशोर कुमार की स्मृतियों को संरक्षित ही नहीं किया, बल्कि खण्डवा शहर को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित भी किया है। मंच से जुड़े सदस्य सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शहर विकास की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिससे मंच के प्रति विशेष आत्मीयता महसूस होती है।
विदाई अवसर पर भावुक हुए एसपी मनोज रॉय ने कहा कि खण्डवा एवं मंच परिवार से मिला स्नेह, अपनापन और सहयोग वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। जिला पंचायत सीईओ नागार्जुन देवगौड़ा ने भी मंच के सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना की। समारोह में मंच के सदस्यों एवं अतिथियों द्वारा एसपी मनोज रॉय का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं नवागत एसपी अगम जैन ने सभी सदस्यों से आत्मीय परिचय प्राप्त किया। सुनील जैन ने बताया कि आयोजन में दादाजी कॉलेज के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. दिलीप हिन्दुजा, अखिलेश गुप्ता, सुभाष खण्डेलवाल एवं गुरमितसिंह उबेजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, पवन दीक्षित एवं मंगलेश तोमर ने मधुर गीतों की प्रस्तुतियों से समारोह को संगीतमय बना दिया।इस अवसर पर एसडीएम,विशाल जोशी,पीआरओ ब्रजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में मंच के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रदीप जैन ने किया तथा अंत में सचिव नारायण बाहेती ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।








