अमेरिका के साथ ट्रेड डील किसानों और देश की संप्रभुता पर हमला: प्रतिभा रघुवंशी
खण्डवा/
जिला अध्यक्ष कांग्रेस (शहर )प्रतिभा रघुवंशी ने अमेरिका के साथ की गई हालिया ट्रेड डील को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के किसानों के साथ एक घातक विश्वासघात है, जो सीधे तौर पर किसान की रोज़ी-रोटी और भारत की संप्रभुता पर हमला करता है।
प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि इस गंभीर और किसान-विरोधी समझौते को लेकर यह स्पष्ट हुआ कि मोदी सरकार की नीतियाँ बहुराष्ट्रीय कंपनियों और विदेशी ताकतों को लाभ पहुँचाने के लिए बनाई जा रही हैं, जबकि देश का अन्नदाता लगातार उपेक्षित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इस ट्रेड डील से भारतीय कृषि बाज़ार को विदेशी कंपनियों के लिए खोलने की साजिश की जा रही है, जिससे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), स्थानीय फसलें और छोटे किसानों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। यह समझौता न केवल किसान-विरोधी है, बल्कि देश के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के भी विरुद्ध है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने दो टूक कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों की इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस देश-विरोधी और किसान-विरोधी समझौते को तत्काल वापस लेने की माँग की।










