*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने विभिन्न विकास कार्यों का किया सघन निरीक्षण*
पदमकुंड संरक्षण, सड़क निर्माण, सीवरेज कार्य एवं बाजार विकास को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
खंडवा। आज महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य श्री सोमनाथ काले, श्री राजेश यादव, श्री अनिल वर्मा सहित उपायुक्त श्री एस. आर. सिटोले एवं निगम के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा नगर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयसीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
*पदमकुंड का निरीक्षण, मूर्ति विसर्जन को लेकर नागरिकों से अपील*
निरीक्षण की शुरुआत पदमकुंड से की गई, जहां कुंड से पुराने मलबे एवं विसर्जित मूर्तियों को निकालने का कार्य जारी है। निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गत वर्ष विसर्जित की गई अनेक मूर्तियां अब तक पूरी तरह गलित नहीं हुई हैं, जिससे न केवल कुंड की संरचना प्रभावित हो रही है बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने नागरिकों से अपील की कि नगर की ऐतिहासिक धरोहरों एवं जल संरचनाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुंडों में मूर्ति विसर्जन न करें।
*पदमकुंड-दादाजी मंदिर मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण*
इसके पश्चात निरीक्षण दल निर्माणाधीन पदमकुंड से दादाजी बस स्टैंड मार्ग होते हुए पंधाना रोड स्थित दादाजी मंदिर पहुंच मार्ग पर पहुंचा। यहां दो सीमेंट कंक्रीट पाइप लगाकर पुलिया चौड़ीकरण कार्य तथा शेष लगभग 400 मीटर लंबी एवं 6 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
*ट्रांसपोर्ट नगर में प्रस्तावित फिश एवं नॉनवेज मार्केट हेतु भूमि का निरीक्षण*
इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शासन द्वारा मछली मार्केट हेतु आवंटित 5 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया गया। इस दौरान चर्चा की गई कि भविष्य में उक्त भूमि का उपयोग केवल फिश मार्केट तक सीमित न रखते हुए मटन एवं चिकन मार्केट के समेकित विकास हेतु भी किया जा सकता है, जिससे व्यवस्थित व्यापारिक केंद्र विकसित हो सके।
*अमृत 2.0 अंतर्गत सीवरेज कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता पर जोर*
निरीक्षण दल द्वारा नवचंडी क्षेत्र में अमृत 2.0 योजना अंतर्गत चल रहे सीवरेज कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित इंजीनियरों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक 30 मीटर सीवरेज लाइन बिछाने के पश्चात उसे कवर करने से पहले स्थानीय पार्षद को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाए। साथ ही फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से कार्य का रिकॉर्ड तैयार कर संतुष्टि उपरांत ही खुदे हुए क्षेत्र को बंद किया जाए।
*डैमेज पाइपों की व्यवस्थित मॉनिटरिंग के निर्देश*
इसके पश्चात आईटीआई ग्राउंड में रखे डैमेज पाइपों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्षतिग्रस्त पाइपों की समय-समय पर व्यवस्थित नंबरिंग एवं एंट्री की जाए तथा किसी भी परिस्थिति में क्रैक या डैमेज पाइप का उपयोग न किया जाए।
*ईंधन बचत का संदेश, जनप्रतिनिधियों ने इलेक्ट्रिक स्कूटी से किया निरीक्षण*
आज के निरीक्षण की विशेष बात यह रही कि महापौर सहित अधिकांश जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं स्कूटी से विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस पहल को पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत की दिशा में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।











