खंडवा को मिली नई सौगात: जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक ट्रेन अब स्थायी, यात्रियों को मिलेगा सामान्य किराए का लाभ।
खंडवा। रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे ने जयपुर और हैदराबाद के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को अब स्थायी साप्ताहिक ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से खंडवा सहित मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और राजस्थान के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। समाजसेवी व सांसद प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने इस नई सौगात के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि खंडवा संसदीय क्षेत्र में लगातार ट्रेनों के स्टॉपेज और नई रेल सुविधाओं के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।
मध्य रेल समिति सदस्य मनोज सोनी, प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार वर्तमान में स्पेशल किराए पर संचालित हो रही ट्रेन संख्या 07019/20 जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक ट्रेन को स्थायी रूप से नियमित ट्रेन नंबर 17089/90 के रूप में चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को अब अतिरिक्त स्पेशल किराया नहीं देना पड़ेगा, बल्कि सामान्य किराए पर यात्रा की सुविधा मिलेगी। ट्रेन संख्या 17089 प्रत्येक शुक्रवार को हैदराबाद से रवाना होकर अगले दिन शनिवार सुबह 9:25 बजे खंडवा पहुंचेगी और यहां से जयपुर के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 17090 प्रत्येक रविवार को जयपुर से रवाना होकर सोमवार सुबह 11:30 बजे खंडवा पहुंचेगी तथा आगे हैदराबाद जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्पेशल ट्रेनों के मुकाबले स्थायी ट्रेनों का संचालन अधिक नियमित और समयबद्ध रहता है। ऐसे में यात्रियों को समय पर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
हैदराबाद, सिकंदराबाद, कामारेड्डी, निजामाबाद, मुदखेड़, नांदेड़, पूर्णा जंक्शन, बसमत, हिंगोली, वाशिम, अकोला जंक्शन, मलकापुर, खंडवा जंक्शन, इटारसी, भोपाल, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, अजमेर जंक्शन, मदार जंक्शन, किशनगढ़, फुलेरा और जयपुर।
अब सप्ताह में चार दिन मिलेगी जयपुर-हैदराबाद रेल सुविधा
नई ट्रेन शुरू होने के बाद जयपुर और हैदराबाद के बीच अब सप्ताह में चार दिन रेल सेवा उपलब्ध रहेगी। इनमें —
12719/20 जयपुर-हैदराबाद द्वि-साप्ताहिक
17019/20 हिसार-जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक
17089/90 जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक (24 जुलाई 2026 से)
शामिल हैं।
रेल यात्रियों का मानना है कि इस नई स्थायी ट्रेन से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन के लिए यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं खंडवा की रेल कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।
2,502 2 minutes read











