
हरसूद और बलड़ी की जल समितियों के सम्मेलन में कलेक्टर श्री गुप्ता ने की अपील
—
गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में और घर का पानी घर में ही संरक्षित करें
—
खण्डवा//
वर्षा के जल की एक भी बूंद व्यर्थ ना बहने दें, बल्कि इस पानी का उपयोग रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के माध्यम से भूजल स्तर बढ़ाने के लिए किया जाए। वर्षा ऋतु में खेत का पानी खेत में, गांव का पानी गांव में और घर का पानी घर में ही संरक्षित करने के लिए सभी ग्रामीण मिलकर सामूहिक प्रयास करें। यह बात कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने हरसूद के मांगलिक भवन में आयोजित बलडी और हरसूद ब्लॉक की जल समितियों के विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री मुकेश वर्मा, उपाध्यक्ष श्री द्वारका प्रसाद प्रजापति, जनपद अध्यक्ष हरसूद श्रीमती ममता सावनेर तथा जनपद अध्यक्ष बलडी श्रीमती जसोदा नायक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, एसडीएम हरसूद श्री रमेश खतेडिया, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी तथा पंचायत स्तरीय जल समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि हर वर्ष भू जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। हमें आज से ही पानी बचाने के लिए विशेष प्रयास करना होंगे। पानी बचाने की दिशा में हम अभी नहीं जागे, तो बहुत देर हो जाएगी। उन्होंने जल समितियों के सदस्यों से कहा कि गांव-गांव में पानी का महत्व बतायें और सभी से वर्षा का पानी बचाने की अपील करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जल समितियों के उपस्थित सदस्यों से अपील की कि पहले वे अपने घरों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवायें और फिर गांव के अन्य लोगों को भी उनके घरों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण पानी की मांग तो लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि पानी की आपूर्ति उस गति से नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हम जितना पानी खर्च करते हैं, उतना पानी बचाने की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। जिले की हर पक्की छत से वर्षा का पानी भूजल संवर्धन के उपयोग में आए, यह अगले 30 जून तक हमें सुनिश्चित करना है। उन्होंने जल समिति के सदस्यों को शामिल करते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के लिए भी कहा, ताकि जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को उसमें शेयर किया जा सके। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि अमृत संचय अभियान के तहत हमें जिले के सभी शासकीय व प्राइवेट भवनों की पक्की छतों पर रूफवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाना है, ताकि वर्षा के पानी की एक-एक बूंद जमीन में समाकर भूजल स्तर को बढ़ाए। उन्होंने कहा कि जिले में प्रत्येक पक्की छत पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के लिए “मिशन अमृत संचय” प्रारंभ किया गया है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गौड़ा ने अपने संबोधन में बोरी बंधान, खेत तालाब, गली प्लग, मेढ़ बंधान जैसी जल ग्रहण संरचनाओं की उपयोगिता और उन्हें बनाने के तरीकों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि मिशन अमृत संचय के तहत भूजल संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य करने वाली पंचायतो को चयनित कर पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर जल समिति के सदस्यों को लघु नाटिका के माध्यम से पानी बचाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर श्री जगदीश गौर, नीतू ठाकुर, सुधीर चौहान, रमेश बाघे और राकेश सिरसाट ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भूजल संरक्षण के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया । जल समिति के सदस्यों को बोरी बंधान बनाने, डगवेल रिचार्ज बनाने, हैंड पंपों के आसपास सोखता गड्ढे बनाने, मेढ़ बंधान, नाला गहरीकरण कंटूर ट्रेंच जैसी जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण के संबंध में भी प्रशिक्षण के दौरान जानकारी दी गई।










