बिहार

डीएम ने किया वारिसनगर प्रखंड कार्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण, दिए कई निर्देश

डीएम ने किया वारिसनगर प्रखंड कार्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण, दिए कई निर्देश

समस्तीपुर। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा पहली दफा बुधवार को वारिसनगर प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और वारिसनगर प्रखंड के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। डीएम ने प्रखंड के विभिन्न विभागों के कागजातों का बारीकी से जांच पड़ताल कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय में दस्तावेजों के रख रखाव, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आमजन की शिकायतों के निवारण की स्थिति का जायजा लिया गया। डीएम ने अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित सेवा प्रदान करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने वारिसनगर प्रखंड अंतर्गत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई।
अस्पताल में कुछ खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिये। मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान जिलाधिकारी ने वारिसनगर प्रखंड के विकास कार्यों का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इधर जिलाधिकारी ने अपने समक्ष कई किसानों को मूंग का बीज वितरण कराया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजमल परवेज के अलावा अंचलाधिकारी धर्मेंद्र पंडित, बीपीआरओ ऋषि केश कुमार, कृषि पदाधिकारी मोहित चंद पासवान, सीडीपीओ वर्षा रानी, कार्यक्रम पदाधिकारी रणधीर कुमार, जे ई रंजीत कुमार दिवाकर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार, अंचल नाजिर रवि कुमार, पूनम कुमारी आदि मौजूद थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!