ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

जिला कलेक्टर के निर्देशन में “सशक्त वाहिनी अभियान” प्रारंभ

पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए बालिकाओं को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण, 15 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

रिपोर्टर = भव्य जैन

झाबुआ, 04 अगस्त 2026। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग झाबुआ सुश्री मोनिका बघेल के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “सशक्त वाहिनी अभियान” संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवतियों एवं बालिकाओं को पुलिस सेवा के लिए प्रोत्साहित करना, उनके प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना तथा पुलिस विभाग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर महिलाओं में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना है।

 

अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन के प्रावधानों के अनुसार पुलिस भर्ती में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। इसी उद्देश्य से इच्छुक बालिकाओं के लिए पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

 

प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाली अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की आयु 18 से 38 वर्ष के मध्य तथा लंबाई न्यूनतम 155 सेंटीमीटर होना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान एवं गणित विषयों का प्रतिदिन दो घंटे का अध्ययन कराया जाएगा। सशक्त वाहिनी कक्षाओं में प्री-टेस्ट में उत्तीर्ण बालिकाओं को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

 

इच्छुक बालिकाएं अपने आवेदन 15 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, कलेक्टर परिसर, झाबुआ में जमा कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण देने के इच्छुक योग्य प्रशिक्षक भी अपना बायोडाटा/रिज्यूमे जिला महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय, कलेक्टर परिसर, झाबुआ में जमा कर सकते हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर पुलिस सेवा में अपना भविष्य बनाने की अपील की है।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!