
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में दिए निर्देश ,अधूरी नल जल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराएं तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं को पंचायतों को हैंड ओवर करें
—
खण्डवा//कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं में से अधूरी योजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण कराएं, तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं को पंचायत को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यांत्रियों को निर्देश दिए कि वे संयुक्त भ्रमण कर नल जल योजनाओं का निरीक्षण करें, और सुनिश्चित करें कि सभी पूर्ण योजनाएं पंचायतों को हस्तांतरित हो जाएं। उन्होंने नल जल योजनाओं वाले ग्रामों में ग्रामीण उपभोक्ताओं से नियमित जलकर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए ताकि पेयजल योजनाओं का मेंटेनेंस होता रहे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान एवं अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले, सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंडवा और ओंकारेश्वर में प्रस्तावित बाईपास मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शीघ्रता से पूर्ण की जाए। उन्होंने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए कि खालवा क्षेत्र में वन्या रेडियो को चालू कराएं ताकि आसपास की पंचायतों के ग्रामीणों तक स्थानीय बोली में सरकार की योजनाओ एवं अन्य उपयोगी जानकारी पहुंचाई जा सके। कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देश दिए कि एक ही स्थान पर 3 साल से अधिक समय से पदस्थ छात्रावास अधीक्षकों को अन्य छात्रावासों में पदस्थ करने की कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि किसानों को नरवाई न जलाने के लिए प्रेरित करें तथा नरवाई जलाने से होने वाले नुकसानों के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि बड़े किसानों को समझाइश देकर उन्हें रोटावेटर एवं मल्चर जैसे उन्नत कृषि यंत्र खरीदने के लिए प्रेरित करें, ताकि नरवाई जलाने की आवश्यकता ही ना पड़े। उन्होंने सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इन किसानों को रोटावेटर एवं मल्चर जैसे कृषि यंत्र खरीदने के लिए ऋण प्रकरण बनाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी एवं सर्वेयर गिरदावरी का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें। उन्होंने जिला अस्पताल की लिफ्ट सुधरवाने तथा उसके मेंटेनेंस के लिए वार्षिक अनुबंध करने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को ट्रांसपोर्ट नगर का शेष कार्य शीघ्रता से पूर्ण कर ट्रांसपोर्ट व्यवसाइयों को वहां शिफ्ट करने के संबंध में भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को जूनियर रेडक्रॉस को सक्रिय करने के संबंध में भी निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी जिला अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को वे खुद देखें, और उनका समय सीमा में निराकरण करवाएं।














