
रेलवे ओवरब्रिज पर तेल रिसाव से बढ़ा हादसे का खतरा, यातायात पुलिस ने तत्काल संभाली स्थिति
खंडवा। शहर के रेलवे ओवरब्रिज पर एक टैंकर से तेल रिसाव होने के कारण सड़क पर तेल फैल गया। इससे दोपहिया एवं अन्य वाहन चालकों के फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई थी।
सूचना मिलते ही खंडवा यातायात पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। टीम ने संबंधित स्थान पर चूना पाउडर डलवाकर सड़क पर फैले तेल को सोखने की कार्रवाई कराई। इसके बाद सड़क को वाहनों के आवागमन के लिए सुरक्षित एवं सुगम बनाया गया।
कार्रवाई के बाद यातायात को व्यवस्थित रूप से संचालित कराया गया और संभावित दुर्घटना को टालने में मदद मिली। यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वाहन चालकों को राहत मिली।
यातायात पुलिस खंडवा ने कहा कि किसी भी प्रकार की बाधा, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।












