
*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने जल प्रदाय संयंत्रों एवं निर्माणाधीन फायर स्टेशन का किया निरीक्षण*

जल गुणवत्ता की मौके पर हुई जांच, सभी मानक पाए गए संतोषजनक • निर्माणाधीन फायर स्टेशन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने के दिए निर्देश
खंडवा। नगर पालिक निगम खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में आज अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य श्री राजेश यादव, श्री सोमनाथ काले, श्री विक्की भांवरे, श्री दीना पवार, पार्षद श्री संतोष सर्वन, श्री वेद प्रकाश मालाकार, निगम प्रवक्ता श्री सुनील जैन तथा आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत सहित निगम के अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहर के जल प्रदाय संयंत्रों एवं निर्माणाधीन फायर स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*सर्किट हाउस जल वितरण केंद्र पर हुई पानी की गुणवत्ता की जांच*
निरीक्षण की शुरुआत सर्किट हाउस स्थित जल वितरण केंद्र एवं डिस्ट्रीब्यूशन स्टेशन से हुई। यहां महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने शहर में प्रदाय किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की मौके पर ही जांच कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पानी की परीक्षण प्रक्रिया संपन्न की गई।
परीक्षण के दौरान कलर (Colour), स्वाद (Taste), गंध (Odour), टर्बिडिटी (Turbidity), पीएच (pH), एल्केलिनिटी (Alkalinity), हार्डनेस (Hardness), टोटल डिजॉल्व्ड सॉलिड्स (TDS), रेसिडुअल क्लोरीन (Residual Chlorine) एवं क्लोराइड (Chloride) सहित सभी मापदंड निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाए गए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
*जसवाड़ी जल शोधन संयंत्र में उपचार प्रक्रिया का लिया जायजा*
इसके पश्चात दल जसवाड़ी स्थित जल शोधन संयंत्र पहुंचा, जहां वर्षाकाल के दौरान नदी से आने वाले मटमैले पानी को वैज्ञानिक प्रक्रिया के माध्यम से पेयजल में परिवर्तित करने की संपूर्ण व्यवस्था का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्देश दिए कि जल शोधन में उपयोग होने वाले फिटकरी (Alum) एवं ब्लीचिंग पाउडर की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
इस अवसर पर पंप स्टेशन एवं क्लोरीनेशन स्टेशन का भी निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
*निर्माणाधीन फायर स्टेशन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के दिए निर्देश*
निरीक्षण के अंतिम चरण में सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी लगभग 2 एकड़ क्षेत्रफल में निर्माणाधीन फायर स्टेशन पहुंचे, जहां निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन किया गया।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने फायर स्टेशन की बड़ी टैरेस को देखते हुए भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण एवं भूजल संवर्धन किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि इस आधुनिक फायर स्टेशन में चार अग्निशमन वाहनों के संचालन एवं पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। साथ ही यहां विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को फायर सेफ्टी एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे लोगों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
महापौर ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त आधुनिक फायर स्टेशन विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।











