
*राखी के धागे ने जोड़ा दिलों का रिश्ता, जिला जेल में भावुक हुईं विधायक कंचन तनवे*
खण्डवा//50 से अधिक बंदियों को राखी बांधकर दिलाया अपराध से दूर रहने का संकल्प,रक्षाबंधन के अवसर पर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे जिला जेल पहुंचीं और वहां निरुद्ध 50 से अधिक बंदियों को राखी बांधकर उन्हें भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का एहसास कराया। इस दौरान कई ऐसे भावुक क्षण आए, जब विधायक तनवे की आंखें भी नम हो गईं।
राखी बांधने से पूर्व विधायक तनवे की नजर एक बंदी पर पड़ी, जो अपने परिवार के साथ बैठा था। परिवार के सदस्य भावुक होकर रो रहे थे। यह दृश्य देखकर विधायक तनवे भी भावुक हो गईं। उन्होंने बंदी को समझाते हुए कहा कि परिवार के आंसुओं और अपनों के दर्द को हमेशा याद रखना तथा भविष्य में ऐसा कोई कार्य नहीं करना, जिससे दोबारा जेल आना पड़े,विधायक ने वहां मौजूद उसकी दोनों बहनों के हाथ बंदी के हाथों में रखकर भाई को संकल्प दिलाया कि वह भविष्य में ऐसा कोई काम नहीं करेगा, जिससे उसके परिवार को फिर यह पीड़ा सहनी पड़े।
इसके बाद विधायक तनवे ने सभी बंदियों को राखी बांधी और कहा कि यह केवल राखी का धागा नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी और रिश्ते का बंधन है, आप सभी मेरे साथ संकल्प लें कि मन, वचन और कर्म से ऐसा कोई अपराध या कार्य नहीं करेंगे, जिससे आपको दोबारा जेल जाना पड़े। अब हम अपने परिवार, समाज और देश के लिए बेहतर जीवन जीने का संकल्प लें,उन्होंने कहा कि जीवन में गलतियां हो सकती हैं, लेकिन सबसे बड़ी बात है कि व्यक्ति अपनी गलती से सीख लेकर नई शुरुआत करे। उन्होंने बंदियों से कहा कि जब भी आपको अपनी बहन की जरूरत महसूस होगी, आपकी यह बहन विधायक नहीं बहन बनाकर आपके साथ खड़ी दिखाई देगी,
इस भावुक अवसर पर जेल अधीक्षक डी.के. सारस ने स्वयं आगे रहकर विधायक से राखी बांधने का आग्रह किया। वहीं जेलर मनोज चौरसिया ने भी विधायक तनवे से राखी बंधवाई। उन्होंने भावुक होकर कहा कि मैं जहां भी नौकरी पर रहूंगा, जन्माष्टमी के दिन आपसे राखी जरूर बंधवाऊंगा। मुझे अपना आशीर्वाद दीजिए,
जेलर के इन शब्दों ने माहौल को और भावुक कर दिया। विधायक तनवे ने उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान कुछ क्षण ऐसे भी आए जब विधायक की आंखों से आंसू छलक पड़े।
विधायक तनवे ने कहा कि खून का रिश्ता न सही, लेकिन आज इस राखी के पवित्र बंधन ने एक ऐसा रिश्ता बना दिया है, जो इंसानियत, विश्वास और अपनत्व से जुड़ा है। उन्होंने सभी बंदियों से अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने और अपने परिवार के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने का आह्वान किया।
रक्षाबंधन के इस कार्यक्रम ने जिला जेल में भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं के साथ-साथ सुधार, संकल्प और नई जिंदगी की उम्मीद का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सतनाम सिंह होरा, जेल अधीक्षक डी.के. सारस, जेलर मनोज चौरसिया, जेल स्टाफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे, जेल अधीक्षक डी के सारस एवं जेलर मनोज चौरसिया से विधायक तनवे ने जेल में भी कुछ आवश्यकता हो तो मुझे बताएं इस पर उन्होंने कहा कि एक गौशाला और बंदियां के लिए संगीत सामग्री अगर आपके द्वारा होगी तो बहुत अच्छा होगा इस पर विधायक तनवे ने तुरंत वहां पर गौशाला एवं संगीत सामग्री देने की भी घोषणा की।











