
कुरई,सिवनी | सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात लगभग 2:00 बजे कुरई पेट्रोल पंप के सामने दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक के चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में ट्रक चालक धर्मेंद्र सिंगोंतिया, पिता मन्नूलाल सिंगोंतिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी मुदरई, गणेशगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी इमरजेंसी एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस के ईएमटी यशवंत नागोत्रा एवं पायलट विजय चंद्रवंशी ने मौके पर घायल को प्राथमिक उपचार दिया और सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरई पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल, सिवनी रेफर कर दिया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
लोगों से अपील है कि रात के समय वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।









