ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर महाविद्यालय में विविध कार्यक्रम आयोजित

“प्रौद्योगिकी हमारे जीवन में गहराई से रची-बसी है”—

 

रिपोर्टर= भव्य जैन

झाबुआ। दिलीप सिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पी.के. उछावर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं व्याख्यानों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत व्याख्यान सत्र से हुई, जिसमें प्राचार्य प्रो. पी.के. उछावर ने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों के उदाहरण देते हुए प्रौद्योगिकी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज प्रौद्योगिकी हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है और इसके बिना आधुनिक जीवन की कल्पना कठिन है।

प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार परसेन्डिया ने झाबुआ जिले के विकास में प्रौद्योगिकी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि तकनीकी नवाचार से शिक्षा, प्रशासन एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन संभव हुए हैं।

मुख्य वक्ता प्रो. कीर्ति परमार ने प्रौद्योगिकी के भविष्य एवं नई तकनीकों के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की। वहीं प्रो. सावित्री बामनिया द्वारा प्रौद्योगिकी आधारित रोचक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सामान्य ज्ञान के साथ नवाचार एवं तकनीकी विकास से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए। प्रत्येक प्रश्न पर चर्चा कर विद्यार्थियों के विचार भी जाने गए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. हंसा बघेल ने किया तथा आयोजक प्रो. दीपक चौहान द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!