एडमिशन के लिए राज्य स्तरीय एकीकृत प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी
—
27 अप्रैल से 14 मई तक एस एन कॉलेज में आयोजित होंगे चलित साक्षात्कार
—
खण्डवा//एसएन कॉलेज के प्राचार्य श्री सोमपाल सिंह ने बताया कि महाविद्यालयों में ई-प्रवेश 2026-27 के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन को स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर राज्य स्तरीय एकीकृत परीक्षा आयोजित करने का दायित्व सौंपा गया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा चलित साक्षात्कार अर्थात वॉक इन इंटरव्यू आयोजित करने के लिए सभी अग्रणी महाविद्यालयों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्राचार्य ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी अपने संकाय या विषय के अतिरिक्त अन्य संकाय या विषय में जैसे कि विज्ञान संकाय का विद्यार्थी कला या वाणिज्य संकाय में प्रवेश लेना चाहता है, या कला संकाय का विद्यार्थी वाणिज्य तथा विज्ञान संकाय में प्रवेश लेना चाहता है, तथा वाणिज्य संकाय का विद्यार्थी यदि कला या विज्ञान संकाय में प्रवेश लेना चाहता है। इसी प्रकार स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी अपने मेजर और माइनर विषय यासंकाय के अतिरिक्त अन्य विषय या संकाय से स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में प्रवेश लेना चाहता है तो एसे इच्छुक विद्यार्थियों को पात्रता प्रमाण पत्र प्राप्त करना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल से 14 मई के बीच प्रातः 11 से अपराह्न 2 तक प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस श्री नील कण्ठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पात्रता हेतु चलित साक्षात्कार अर्थात वॉक इन इंटरव्यू में इच्छुक विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। अन्य राज्य के विद्यार्थी अपने निवास के नजदीक किसी भी अग्रणी महाविद्यालय में चलित साक्षात्कार में उपस्थित हो सकते हैं। अग्रणी महाविद्यालय द्वारा उसी दिन पात्रता प्रमाण पत्र तीन प्रतियों में बनाकर एक प्रति संबंधित छात्र को जारी की जाएगी।
कॉलेज के प्राचार्य श्री सोमपाल सिंह ने बताया कि ई-प्रवेश पोर्टल पर पंजीयन करवाते समय विद्यार्थियों को अपने अन्य दस्तावेजों के साथ पात्रता प्रमाण पत्र भी अनिवार्यतः अपलोड करना होगा।







