

सिवनी। लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई अंधी लूट की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार वर्मा (42 वर्ष), निवासी ललितपुर (ढाना), ने 18 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल की रात लगभग 9:30 बजे, वह अपने पिता खुमान सिंह वर्मा के साथ चौरई मंडी से गेहूं बेचकर 1,40,000 रुपये लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोहका के आगे मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने पीछे से हमला कर डंडे से मारपीट की और रकम लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 25 अप्रैल को चौरई बायपास के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
संदीप बघेल (30 वर्ष), निवासी जैतपुरकलां
अभय उर्फ गब्बर (19 वर्ष), निवासी खमरिया
रोहित उर्फ विक्की (23 वर्ष), निवासी मोहगांव
पुलिस ने आरोपियों से लूट की रकम में से 1,22,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कुल जप्त सामग्री की कीमत लगभग 1.59 लाख रुपये बताई गई है।
तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिनमें मारपीट, जुआ, चोरी का प्रयास और हत्या जैसे गंभीर मामलों में संलिप्तता शामिल है।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम: इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कोमल टोप्पो, सउनि योगेन्द्र सिंह ठाकुर, सउनि हरिओम भारद्वाज, प्रधान आरक्षक 381 आत्माराम सिमोनिया, प्रधान आरक्षक 195 ललित मरकाम, आरक्षक 202 शिवदीप ठाकुर, आरक्षक 205 मनोज सूर्यवंशी, आरक्षक 452 ललित पाल, आरक्षक 517 गगन डेहरिया, आरक्षक 594 सोनू ककोड़िया, आरक्षक 819 मिथिलेश पराडकर, आरक्षक 129 हामिद खान, आरक्षक 231 वीरेन्द्र डोहले, सैनिक 21 राजेश धुर्वे, सैनिक 11 कृष्ण कुमार कौशल, थाना चौरई से सउनि संजय ठाकुर एवं प्रधान आरक्षक 687 कन्हैया सनोडिया तथा साइबर सेल सिवनी की टीम की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है।













