ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

विश्व स्तनपान सप्ताह पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया का संदेश

हर बच्चे को मिले जीवन की सर्वोत्तम शुरुआत, स्तनपान को दें प्राथमिकता

रिपोर्टर = भव्य जैन

झाबुआ, 1 अगस्त 2026। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त 2026) के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने माताओं, बहनों एवं परिवारजनों को शुभकामनाएँ देते हुए स्तनपान को शिशु के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला बताया।

 

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि माँ का दूध शिशु के लिए प्रकृति का सबसे अनमोल उपहार है। यह उसका पहला, संपूर्ण एवं सर्वोत्तम आहार है, जो जन्म के साथ ही उसे स्वस्थ जीवन की मजबूत शुरुआत प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नवजात को जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान कराना तथा जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध देना उसके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

 

उन्होंने कहा कि छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद शिशु को घर का बना पौष्टिक पूरक आहार अवश्य प्रारंभ किया जाए, लेकिन कम से कम दो वर्ष तक स्तनपान जारी रखा जाए। इससे बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, संक्रमण का खतरा कम होता है तथा उसके समग्र विकास को मजबूती मिलती है।

 

सुश्री भूरिया ने कहा कि स्तनपान केवल शिशु के लिए ही नहीं, बल्कि माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। यह माँ और शिशु के बीच स्नेह, विश्वास एवं भावनात्मक जुड़ाव को और अधिक मजबूत बनाता है।

 

उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश के आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण, स्तनपान एवं शिशु देखभाल संबंधी नियमित परामर्श एवं आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी माताओं एवं परिवारों से अपील की कि वे अपने निकटतम आंगनवाड़ी केन्द्र से जुड़कर इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ।

 

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने सभी से आह्वान किया कि वे यह संकल्प लें कि प्रत्येक बच्चे को जीवन की सर्वोत्तम शुरुआत मिले, प्रत्येक माँ को स्तनपान संबंधी सही जानकारी एवं सहयोग प्राप्त हो तथा परिवार और समाज मिलकर स्वस्थ, सशक्त एवं खुशहाल भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएँ।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!