

सिवनी। जिले की संजय सरोवर परियोजना (भीमगढ़ बांध) का जलस्तर लगातार बढ़ते हुए निर्धारित स्तर के करीब पहुंच गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए आज शुक्रवार, 31 जुलाई को सुबह 11:30 बजे बांध के दो गेट क्रमांक 5 एवं 6 को एक-एक मीटर तक खोला जाएगा।
कार्यपालन यंत्री, तिलवारा बांयी तट नहर संभाग, केवलारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार वर्तमान में बांध का जलस्तर 516.85 मीटर दर्ज किया गया है। अतिरिक्त जल निकासी के लिए दोनों गेटों से 265 क्यूमेक्स (लगभग 9,340 घनफीट प्रति सेकंड) की दर से पानी बैनगंगा नदी में छोड़ा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर जलस्तर की स्थिति के अनुसार आगे भी गेटों के संचालन में बदलाव किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने बैनगंगा नदी के किनारे एवं निचले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से नदी में स्नान, मछली पकड़ने, पुल-पुलियों पर अनावश्यक रुकने तथा नदी के पास जाने से बचने को कहा गया है। साथ ही सभी संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी एवं आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।
– त्रिलोक न्यूज़, सिवनी













