
सिवनी। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने गुरुवार को जिले के प्रमुख जलाशय संजय सरोवर (भीमगढ़) डैम का सघन निरीक्षण कर वर्तमान जल स्तर, जल आवक-निकासी, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं मानसून के दौरान अपनाई जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग पी.एन. नाग ने बांध की स्थिति और विभागीय तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की एसओपी के अनुसार जल स्तर की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा जल निकासी की आवश्यकता होने पर प्रभावित गांवों में समय रहते प्रभावी सूचना प्रसारित की जाए। उन्होंने संभावित जल निकासी की स्थिति को देखते हुए बालाघाट, गोंदिया और भंडारा जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर रियल-टाइम सूचना साझा करने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कंट्रोल रूम में 24×7 अधिकारियों की ड्यूटी, सीसीटीवी कैमरों को पुनः संचालित करने और बांध की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही भीमगढ़ क्षेत्र में व्यू-पॉइंट, पार्किंग, स्वच्छता, संकेतक बोर्ड और अन्य सुविधाएं विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री, कार्यपालन यंत्री पी.एन. नाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









